नया नहीं, भारत वाला वेरिएंट ही है'- 'कोविड के नए स्ट्रेन' को लेकर केजरीवाल के ट्वीट पर बोला सिंगापुर
बता दें कि केजरीवाल ने मंगलावार को केंद्र सरकार से अपील की थी कि सिंगापुर से आने-जाने वाली फ्लाइट्स को तुरंत बंद किया जाए क्योंकि सिंगापुर में कोरोना का नया वेरिएंट बच्चों के लिए खतरनाक बताया जा रहा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा था, 'सिंगापुर में आया कोरोना का नया रूप बच्चों के लिए बेहद खतरनाक बताया जा रहा है। भारत में ये तीसरी लहर के रूप में आ सकता है। केंद्र सरकार से मेरी अपील-
1. सिंगापुर के साथ हवाई सेवाएं तत्काल प्रभाव से रद्द हों।
2. बच्चों के लिए भी वैक्सीन के विकल्पों पर प्राथमिकता के आधार पर काम हो।'
सिंगापुर और एविएशन मंत्री ने किया ट्वीट
उनके ट्वीट को लेकर सिंगापुर उच्चायोग की ओर से ट्वीट किया गया, 'इस बात में कोई सच्चाई नहीं है कि सिंगापुर में कोविड का कोई नया स्ट्रेन है। फाइलोजेनेटिक टेस्टिंग में दिखा है कि सिंगापुर में पिछले कुछ हफ्तों में मिले संक्रमण के मामलों में पहले से मौजूद B.1.617.2 वेरिएंट ही मुख्य रुप से मिला है।'
Image Source: TwitterB.1.617.2 वेरिएंट काफी संक्रामक है और सबसे पहले भारत में मिला था। अब तक यह वेरिएंट दुनिया के कई देशों में फैल चुका है।
केजरीवाल के ट्वीट पर नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने ट्वीट कर कहा था कि 'केजरीवाल जी, मार्च 2020 से ही अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें बंद हैं। सिंगापुर के साथ एयर बबल भी नहीं है। बस कुछ वन्दे भारत उड़ानों से हम वहां फंसे भारतीय लोगों को वापस लाते हैं। ये हमारे अपने ही लोग हैं। फिर भी स्थिति पर हमारी नज़र है। सभी सावधानियां बरती जा रही हैं।'
Source: NDTV