दिल्ली में आज रात से अगले सोमवार तक सम्पूर्ण कर्फ्यू

Image Source: ANI

नई दिल्ली: 
देश की राजधानी दिल्ली में कोरोनावायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। संक्रमण के मामले बढ़ने पर दिल्ली सरकार ने पूरी दिल्ली में आज रात से लेकर अगले सोमवार तक संपूर्ण कर्फ्यू लगाया गया है। रविवार को दिल्ली में एक दिन में सबसे ज्यादा 25,462 नए मामले सामने आए, इसके साथ ही पॉजिटिविटी रेट 30 फीसदी पहुंची गई है। संक्रमण की दर 29.74 प्रतिशत होने का मतलब है कि दिल्ली में लगभग प्रत्येक तीसरा नमूना संक्रमित पाया जा रहा है।

ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में बीते कुछ दिन से कोविड-19 के दैनिक मामलों की संख्या 25,500 के लगभग बनी हुई है तथा स्वास्थ्य प्रणाली पर भार बहुत बढ़ गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है, यहां दवाओं, बेड, आईसीयू, ऑक्सीजन की गंभीर कमी है ऐसे में स्वास्थ्य प्रणाली को ध्वस्त होने से बचाने के लिए लॉकडाउन की बहुत आवश्यकता है।


सीएम केजरीवाल ने कहा कि लॉकडाउन लगाने का फैसला लेना आसान नहीं था। उन्होंने प्रवासियों से अपील की कि वे दिल्ली छोड़कर न जाएं और कहा कि उनका खयाल रखा जाएगा। लॉकडाउन के दौरान आवश्यक सेवाएं चलती रहेंगी, विवाह समारोहों में केवल 50 लोगों के शामिल होने की इजाजत होगी तथा इसके लिए विशेष पास जारी किए जाएंगे।


बता दें, दिल्ली में वीकेंड कर्फ्यू पहले से लगा है. वहीं, हालही मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि शहर में 100 से भी कम आईसीयू बेड बचे हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कहा कि शहर में अगले दो दिन में कोविड-19 रोगियों के लिए 1,400 से 2,000 बिस्तर तैयार हो जाएंगे। उन्होंने यमुना क्रीड़ा स्थल और राष्ट्रमंडल खेलगांव का दौरा कर वहां कोविड देखभाल केन्द्र तैयार किए जाने की समीक्षा की।


बता दें, दिल्ली में पिछले 24 घंटे में संक्रमण से 161 और मरीजों की मौत हो गई। इससे एक दिन पहले कोविड-19 के 24,375 नए मामले सामने आए थे और 167 मरीजों की मौत हुई थी। दिल्ली में ये नए मामले सामने आने से राष्ट्रीय राजधानी में संक्रमितों की अब तक की कुल संख्या बढ़कर 8,53,460 हो गई है, वहीं मरने वालों की संख्या बढ़कर 12,121 हो गई है।


Source: NDTV