किसान आंदोलन : राकेश टिकैत ने मुजफ्फरनगर में ट्रैक्टर रैली का किया शुभारंभ, बोले- प्रशासन का दिमाग ठीक करना है

Image Source:Amar Ujala
नई दिल्ली: कृषि कानूनों को लेकर दिल्ली बॉर्डर पर चल रहे किसानों के आंदोलन (Farmers Protest) को तेज़ करने के लिए संयुक्त किसान मोर्चा ने शनिवार को मुज़फ्फरनगर के रामराज से ट्रैक्टर रैली का शुभारंभ किया. ये ट्रैक्टर रैली मुज़फ्फरनगर के रामराज से होकर उत्तराखंड के कुछ जनपदों से होते हुए बरेली के रास्ते 27 मार्च को गाजीपुर बॉर्डर पर पहुंचेगी. आज खुद राकेश टिकैत गाजीपुर धरना स्थल से रामराज इस ट्रैक्टर रैली का शुभारंभ करने पहुंचे. 

टिकैत ने पहुंचकर पहले रामराज स्थित गुरुद्वारे में मत्था टेक कर गुरुवाणी सुनी. राकेश टिकैत ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यहां के प्रशासन ने पहले घर-घर जाकर रैली में जा रहे किसानों के ट्रैक्टरों को रोक था. यहां के प्रशासन का दिमाग ठीक करना है. आज ये ट्रैक्टर रैली 21 दिन के लिए यहां से चलकर 27 तारीख को गाजीपुर धरना स्थल पर पहुंचेगी.

इससे पहले, किसान नेता और भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत (Rakesh Tikait) ने किसानों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कृषि कानूनों के खिलाफ समाधान तक, आखिरी सांस तक संघर्ष चलेगा और हम जीतेंगे.

गाजीपुर बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन का चेहरा माने जाने वाले राकेश टिकैत ने शनिवार सुबह ट्वीट में लिखा, "किसान संघर्ष के 100 दिन. समाधान तक... आखिरी सांस तक संघर्ष करेंगे. लड़ेंगे... जीतेंगे." उन्होंने कृषि कानूनों के खिलाफ खड़े होने वाले किसानों का आभार भी जताया है.

किसान आंदोलन के 100 दिन पूरे होने के मौके पर किसान कुंडली-मानेसर-पलवल यानी KMP एक्सप्रेसवे पर 5 घंटे के लिए नाकेबंदी करेंगे. ये नाकेबंदी सुबह 11:00 बजे सुबह से शाम 5:00 बजे तक होगी. किसानों ने कहा है कि काला दिवस के दिन एक्सप्रेसवे पर टोल प्लाजा भी फ्री कराए जाएंगे.

#Kisanandolan #farmerprotest #rakeshtikait

News Source: NDTV