किसान आंदोलन:जोधपुर के पीपाड़ में राकेश टिकैत की महापंचायत आज, बड़ी संख्या में किसानों को जुटाने की तैयारी

जोधपुर जिले के पीपाड़ शहर में संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से शुक्रवार को राठौलाई नाडी परिसर में किसान महापंचायत बुलाई गई है। महापंचायत को भारतीय किसान यूनियन प्रवक्ता व किसान नेता राकेश टिकैत संबोधित करेंगे। वे दोपहर बाद पहुंचेंगे। महापंचायत के आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी हो चुकी है। मारवाड़ क्षेत्र में यह उनकी पहली सभा होगी। आसपास के गांवों से किसानों के जत्थे महापंचायत में भाग लेने रवाना हो रहे हैं। जाट महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राजाराम मील, किसान नेता युद्धवीर सिंह,अमराराम कामरेड, पेमाराम मेघवाल आदि किसान नेता भी पहुंचेंगे।

किसान आंदोलन किसी पार्टी के खिलाफ नहीं: रिदकरण मेघवाल
मीडिया को जानकारी देते हुए किसान नेता रिदकरण मेघवाल ने बताया कि किसान आंदोलन किसी पार्टी के खिलाफ नहीं है। यह आंदोलन किसानों को कॉर्पोरेट जगत के चुंगल से बचाने को लेकर है। इस कानून में ऐसे प्रावधान किए गए हैं जिसके चलते किसान अपनी जमीन से हाथ धो बैठेंगे। बॉर्डर पर किसान आंदोलन को 100 दिन से अधिक वक्त हो गया है। एक ही मांग है कि तीनों कानूनों को वापस लिया जाए। MSP पर खरीद को लेकर कानून बनाएं।

कर्मचारी नेता सोहनलाल डारा ने बताया कि किसान अपने हक के लिए लड़ रहे हैं। पूरा आंदोलन गैर राजनीतिक है। मंच पर किसी पार्टी से जुड़ा पदाधिकारी, विधायक, सांसद आदि के लिए स्थान नहीं है। इस दौरान जाट समाज अध्यक्ष पुखराज दुकतावा, नासिर खिलजी, चंद्राराम भीचर,घेवर राम सिलगावा, रेवतराम खुड़खुड़िया, ई सिदार्थ शंकर चौधरी मौजूद थे।

30 साल बाद फिर टिकैत महापंचायत
1990 में हुए किसान आंदोलन को लेकर महेंद्र सिंह टिकैत यहां आए थे। भारतीय किसान यूनियन का विस्तार करने व किसानों में जन जागरूकता को लेकर टिकैत ने पीपाड़ में महापंचायत की थी। अब उनके पुत्र राकेश टिकैत शुक्रवार को किसानों को संबोधित करेंगे।

ऐतिहासिक महापंचायत का दावा
मीडिया से बातचीत में महापंचायत को लेकर रियां के पूर्व सरपंच गोवर्धनराम भड़ियासर ने बताया कि आसपास के जिलों व गांवों से बड़ी संख्या में किसान महापंचायत में सम्मिलित होंगे। पीपाड़ में ऐतिहासिक महापंचायत होगी। जिसकी तैयारी रात दिन चल रही है। 20 हजार लोगों के बैठने के लिए टेंट लगाया गया है।

NEWS SOURCE: DANIK BHASKAR