नेतन्याहू बोले- चुनाव जीता तो इसराइल से मक्का के लिए सीधी फ्लाइट

Image May Be Subject to Copyrighted.

इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने वादा किया है कि अगर वो मंगलवार का चुनाव जीतते हैं तो सऊदी अरब जाने के लिए सीधी उड़ाने शुरू करवाएंगे.

चैनल 13 को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा, "मैं आपके लिए तेल अवीव से मक्का तक की सीधी उड़ाने शुरू करूंगा."

यरुशलम पोस्ट के राजनीतिक संवाददाता जिल होफ़मैन ने इसे लेकर ट्वीट किया कि नेतन्याहू ने वादा किया है कि अगर वो फिर से प्रधानमंत्री चुने जाते हैं तो इसराइल से मक्का के लिए सीधे फ्लाइट शुरू होगी. इस ट्वीट पर सऊदी अरब के पत्रकार अहमद अल ओमरान ने कहा, ''मक्का में कोई एयरपोर्ट नहीं है.''

नेतन्याहू के इस बयान से इसराइल के सऊदी अरब के साथ रिश्ते सामान्य किए जाने के भी संकेत मिलने की बात कही जा रही है.

हालांकि शनिवार को अरब न्यूज़ में सऊदी अरब के उप-विदेश मंत्री आदेल अल-ज़ुबैर का इंटरव्यू छपा था, जिसमें उन्होंने इसराइल को लेकर कहा कि सऊदी द्वी-राष्ट्र सिद्धांत को लेकर अब भी अटल है. यानी सऊदी इसराइल के साथ संबंध तभी सामान्य करेगा जब फ़लस्तीनियों के लिए एक देश अस्तित्व में आएगा.

News Source:BBC