एंटीलिया केस में स्कॉर्पियो मालिक की मौत:आज आएगी मनसुख की पोस्टमार्टम रिपोर्ट, आत्महत्या की थ्योरी को गलत साबित करते हैं ये 5 पॉइंट्स

Mansukh Hiren. whose car was found near Mukesh Ambani's residence/ Image Source: India Today

रिलाइंस ग्रुप के मालिक मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया के बाहर मिली स्कॉर्पियो के मालिक मनसुख हिरेन की मौत मामले में आज का दिन अहम साबित होने वाला है। आज ठाणे के व्यापारी हिरेन की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आएगी। इसके बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि मनसुख की मौत आत्महत्या है या कुछ और?

शुरुआती जांच में पुलिस को लग रहा है कि मनसुख ने आत्महत्या की है। महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख का विधानसभा में दिया बयान भी इसी ओर इशारा कर रहा था। जिस स्थिति में मनसुख का शव बरामद हुआ वह कुछ और ही कहानी बयां कर रहा है।

आत्महत्या की थ्योरी को गलत साबित करते हैं ये 5 पॉइंट्स

  1. मनसुख के चेहरे पर बंधा रुमाल: मनसुख की मौत के बाद उनके शव को कीचड़ से निकाला गया। इसका एक वीडियो सामने आया है। इसमें देखा जा सकता है कि उनके पूरे शरीर पर कीचड़ लगा हुआ है और चेहरे पर पांच रुमाल बंधे हुए हैं। उनके पड़ोसियों का कहना है कि अगर कोई आत्महत्या करेगा तो अपने चेहरे पर पांच रुमाल क्यों बांधेगा।
  2. मनसुख के बड़े भाई ने हत्या करार दिया: मनसुख के बड़े भाई विनोद हिरेन ने इसे हत्या करार देते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। विनोद ने बताया कि वे और मनसुख में काफी लगाव था और मनसुख हर बातें उनसे शेयर करते थे। अधिकारी जब भी मनसुख को जांच के लिए बुला रहे थे वे जा रहे थे और सहयोग कर रहे थे। विनोद ने कहा कि अगर मनसुख मानसिक तनाव में होते तो मुझे जरूर पता होता। विनोद के मुताबिक, मनसुख की ठाणे के तीन पेट्रोल पंप पर स्पेयर पार्ट्स की दुकानें थीं। उनके तीन बेटे थे। आर्थिक रूप से संपन्न थे, फिर वे सुसाइड क्यों करेंगे?
  3. घर से जाने के कुछ घंटे बाद फोन का बंद होना: मनसुख की पत्नी विमला ने कहा कि गुरुवार रात 8 बजे कांदिवली क्राइम ब्रांच से किसी तावड़े नाम के अधिकारी का फोन आया था। इसके बाद मनसुख ने कहा था कि वे जल्द ही उनसे मिलकर लौटेंगे। विमला ने 10 बजे रात को फोन किया तो उनका फोन बंद आया और जब वे रात 1 बजे तक नहीं लौटे तो परिवार ने पुलिस स्टेशन जाकर शिकायत दर्ज करवाई।
  4. अच्छे तैराक थे मनसुख हिरेन: मनसुख के भाई विनोद ने बताया कि वे एक अच्छे तैराक थे और सोसाइटी के बच्चों को तैरना सिखाते थे। विनोद का कहना है कि जो व्यक्ति दूसरों को पानी से बचना सिखाता हो वह पानी में कूदकर खुद जान कैसे दे सकता है। पड़ोसियों का कहना है कि मनसुख घंटों पानी में तैर सकते थे। डूबकर उनकी मौत हो ही नहीं सकती।
  5. पुलिस का इस मामले को लेकर दिया बयान: एंटीलिया के बाहर मिली कार के मामले में पहले जांच अधिकारी रहे मुंबई क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट के हेड सचिन वझे का कहना है कि मनसुख हिरेन ने एक कंप्लेंट में कहा था कि कुछ पुलिस अधिकारी और पत्रकार हैं, जो उन्हें परेशान कर रहे हैं। सचिन वही व्यक्ति हैं जिनको लेकर पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में कई गंभीर आरोप लगाए थे। फडणवीस के मुताबिक, सचिन और मनसुख दोनों एक दूसरे को जानते थे। सचिन ने भी माना है कि वे मनसुख से परिचित थे।  NEWS SOURCE:DANIK BHASKAR